
मथुरा। मथुरा में पुलिस और कुख्यात बदमाश वसीम लम्बू के बीच मुठभेड़ का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, वसीम लम्बू पुलिसकर्मी की पिस्टल छीनकर फायरिंग करते हुए भागने की कोशिश कर रहा था। इसी दौरान पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें उसके पैर में गोली लगी और उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
कार्रवाई उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस के स्पेशल स्टाफ ने की। पुलिस के अनुसार, वसीम लम्बू के खिलाफ करीब 119 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह लंबे समय से वॉन्टेड था।
पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव की देखरेख में और इंस्पेक्टर सोमिल शर्मा के नेतृत्व में टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए कार्रवाई की। मुठभेड़ के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मियों पर फायरिंग की और भागने की कोशिश की। जवाबी फायरिंग में उसके पैर में गोली लगी।
फायरिंग के दौरान एक पुलिसकर्मी के बाजू में भी गोली लगी है। घायल बदमाश और पुलिसकर्मी दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार चल रहा है।
पुलिस ने आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड और मुठभेड़ से जुड़े घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।