
नई दिल्ली। रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए उत्तर प्रदेश रोडवेज ने यात्रियों की बढ़ती भीड़ से निपटने के लिए खास तैयारियां की हैं। 26 से 31 अगस्त के बीच आनंद विहार बस अड्डे से करीब 400 अतिरिक्त बसें संचालित की जाएंगी।
सामान्य दिनों में आनंद विहार बस अड्डे से प्रतिदिन करीब 850 से 900 बसों का संचालन होता है। रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना को देखते हुए बसों की संख्या में इजाफा किया जा रहा है।
यूपीएसआरटीसी के स्टेशन इंचार्ज इंद्रपाल ने बताया कि अतिरिक्त बसें मुख्य रूप से उन मार्गों पर चलाई जाएंगी, जहां रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की संख्या अधिक रहती है। त्योहार के दौरान बस संचालन सुचारू रखने के लिए जरूरी व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं।
यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए आनंद विहार बस अड्डे पर अतिरिक्त टिकट काउंटर और बैरियर व्यवस्था को भी मजबूत किया जाएगा।
त्योहार के दौरान अतिरिक्त सेवाएं देने वाले चालकों और परिचालकों को प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। 26 से 31 अगस्त तक अतिरिक्त ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को 0.55 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से इंसेंटिव मिलेगा। इससे छह दिनों में कर्मचारियों को करीब 1,200 रुपये तक अतिरिक्त भुगतान मिलने की उम्मीद है।
रोडवेज प्रबंधन ने कर्मचारियों को समय पर ड्यूटी पर पहुंचने और रक्षाबंधन के दौरान यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सुचारू परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।