
पंजाब में 28 जुलाई से मानसून एक बार फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। मौसम विभाग ने राज्य के विभिन्न हिस्सों में चार दिनों तक भारी बारिश की संभावना जताते हुए अलर्ट जारी किया है। बारिश के चलते अगले कुछ दिनों में तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है।
मौसम विभाग ने 28 और 29 जुलाई के लिए 13 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इनमें पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर, रूपनगर, तरनतारन, नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला और मोहाली शामिल हैं।
इसके बाद 30 और 31 जुलाई को पूरे राज्य में भारी बारिश की संभावना को देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, होशियारपुर और रूपनगर में कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है, जबकि राज्य के अन्य हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने का अनुमान है।
शनिवार को पंजाब के कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई, जिससे अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई। बठिंडा में सबसे अधिक 35 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि गुरदासपुर में न्यूनतम तापमान 24.7 डिग्री सेल्सियस रहा।
मौसम विभाग ने लोगों को भारी बारिश के दौरान सतर्क रहने और जलभराव व खराब मौसम को देखते हुए आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी है।