
विधायक बोले, घटना के खुलासे तक नहीं करेंगे नई प्रतिमा की स्थापना
बहराइच। उत्तर प्रदेश में बहराइच जिले के महसी क्षेत्र के कटकुइया गांव स्थित एक मंदिर में अराजकतत्वों ने मां दुर्गा की प्रतिमा खंडित कर दिया। शुक्रवार को इस घटना की जानकारी होने पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और घटना पर अपनी नाराजगी व्यक्त करते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग शुरू कर दी। पुलिस गश्त पर सवाल उठाए।
सूचना पर क्षेत्राधिकारी पवन कुमार और हरदी थानाध्यक्ष पुलिस पार्टी के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराने का प्रयास किया और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मौके पर स्थानीय भाजपा विधायक सुरेश्वर सिंह भी पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर भरोसा दिलाया कि दोषियों को जल्द गिरफ्तार कराया जाएगा।
विधायक ने स्पष्ट कहा कि जब तक घटना का खुलासा नहीं हो जाता और प्रतिमा तोड़ने वाले आरोपितों की गिरफ्तारी नहीं होती तब तक मंदिर में नई प्रतिमा की स्थापना नहीं की जाएगी। विधायक ने कहा कि घटना की जानकारी उच्चाधिकारियों को दे दी गयी है। सुरेश्वर सिंह ने स्थानीय पुलिस को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि जीरो टॉलरेंस की नीति में पुलिस का घटना के कई घण्टे बाद पहुंचना गलत है।
ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में पुलिस की गश्त और निगरानी प्रभावी नहीं होने से घटनाओं में इजाफा हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि पुलिस सतर्क रहती तो मंदिर जैसी आस्था के केंद्र पर इस तरह की घटना नहीं होती। फिलहाल पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है। घटना को लेकर पूरे इलाके में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।