देहरादून से दिल्ली जाने वाले वाहनों को उत्तर प्रदेश में पुराने मार्ग से डायवर्ट किया गया
उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर यात्रा करने वाले लोगों के लिए बड़े ही काम की खबर है. दाट काली मंदिर के पास एक्सप्रेसवे के एक हिस्से पर मरम्मत का काम चल रहा है. इसके चलते देहरादून से दिल्ली जाने वाले वाहनों को उत्तर प्रदेश में पुराने मार्ग से डायवर्ट किया गया है. दिल्ली से देहरादून आने वाला यातायात फिलहाल सामान्य रूप से संचालित हो रहा है.
सीओ ट्रैफिक अंकित कंडारी ने बताया कि यह डायवर्जन केवल मरम्मत कार्य को सुरक्षित और सुचारु रूप से पूरा करने के लिए किया गया है. जैसे ही पैचवर्क का काम पूरा हो जाएगा, एक्सप्रेसवे पर दोनों दिशाओं में यातायात पहले की तरह सामान्य कर दिया जाएगा. उन्होंने यात्रियों से अपील की है कि वह यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर लें और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें.
मंदाकिनी- अलकनंदा नदी में बढ़ रहा जलस्तर
लगातार हो रही बारिश ने उत्तराखंड के पर्वतीय जिलों में भी चिंता बढ़ा दी है. चमोली और रुद्रप्रयाग जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बारिश के कारण अलकनंदा, मंदाकिनी और उनकी सहायक नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है. अधिकारियों के अनुसार, अलकनंदा नदी का जलस्तर समुद्र तल से 623.10 मीटर दर्ज किया गया है. यह अभी खतरे के निशान से नीचे है, लेकिन लगातार बारिश के कारण स्थिति पर प्रशासन की नजर बनी हुई है.
जारी किया गया अलर्ट
बढ़ते जलस्तर को देखते हुए राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने नदी किनारे रहने वाले लोगों के लिए सतर्कता बढ़ा दी है. प्रशासन लगातार अलर्ट जारी कर रहा है और संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से समय रहते निपटा जा सके.
पर्यटकों के लिए एडवाइजरी जारी
वहीं, चारधाम यात्रा पर आए श्रद्धालुओं और उत्तराखंड घूमने पहुंचे पर्यटकों के लिए भी विशेष एडवाइजरी जारी की गई है. प्रशासन ने लोगों से नदियों और नालों के किनारे जाने से बचने, मौसम विभाग की चेतावनियों पर नजर रखने और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा न करने की अपील की है.
लगातार बारिश और एक्सप्रेसवे पर चल रहे मरम्मत कार्य को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से संयम बरतने और केवल आवश्यक होने पर ही यात्रा करने की सलाह दी है. अधिकारियों का कहना है कि मौसम और यातायात की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और हालात के अनुसार आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.