
रातभर हुई बारिश से बढ़ी ठंडक, कई इलाकों में हवा की गुणवत्ता संतोषजनक श्रेणी में पहुंची; गुरुग्राम में पेड़ गिरने से बिजली के खंभे क्षतिग्रस्त
नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में लगातार हुई बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया है। गुरुवार से शुरू हुई बारिश रातभर जारी रही और शुक्रवार सुबह भी कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। बादलों की गरज और हल्की हवाओं के बीच तापमान में गिरावट आई है, वहीं प्रदूषण के स्तर में भी उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है।
दिल्ली के एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे राजधानी का वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 84 दर्ज किया गया। जबकि बुधवार और गुरुवार को दिल्ली का एक्यूआई 200 के पार था। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के अनुसार, इंडिया गेट के आसपास एक्यूआई गिरकर 93 पर पहुंच गया। कई दिनों तक खराब श्रेणी में रहने के बाद हवा की गुणवत्ता अब संतोषजनक श्रेणी में आ गई है।
दिल्ली-एनसीआर के कई इलाकों में रातभर बूंदाबांदी और बारिश हुई। झरोदा कलां में सबसे अधिक 49 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन और जामिया मिलिया इस्लामिया समेत राजधानी के कई प्रमुख इलाकों में भी बारिश हुई। बारिश के कारण जहां मौसम में ठंडक बढ़ी, वहीं हवा में मौजूद प्रदूषक कणों में भी कमी आई।
गुरुग्राम में पेड़ गिरने से बिजली व्यवस्था प्रभावित
लगातार बारिश का असर गुरुग्राम में भी देखने को मिला। सेक्टर-46 के रिहायशी इलाके में बारिश के चलते एक बड़ा पेड़ उखड़कर गिर गया। इसकी चपेट में आने से बिजली के तीन खंभे क्षतिग्रस्त हो गए और कई बिजली लाइनें टूट गईं। घटना के बाद इलाके की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।