
भगवान शिव के पवित्र धाम किन्नौर कैलाश की वार्षिक यात्रा आज, 30 जुलाई से विधिवत शुरू हो रही है। जिला प्रशासन ने यात्रा के सफल और सुरक्षित संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।
प्रशासन के अनुसार यात्रा 30 जुलाई से 10 अगस्त तक आयोजित की जाएगी। हालांकि, यात्रा का संचालन पूरी तरह मौसम की परिस्थितियों पर निर्भर रहेगा।
इस वर्ष प्रतिदिन अधिकतम 375 श्रद्धालुओं को ही यात्रा की अनुमति दी गई है। इनमें 175 ऑनलाइन पंजीकरण, 125 ऑफलाइन पंजीकरण और 75 श्रद्धालु एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स के माध्यम से यात्रा कर सकेंगे।
यात्रा पर जाने से पहले सभी श्रद्धालुओं का मेडिकल फिटनेस परीक्षण अनिवार्य होगा। केवल फिट घोषित किए गए और विधिवत पंजीकरण कराने वाले श्रद्धालुओं को ही यात्रा की अनुमति दी जाएगी। बिना पंजीकरण किसी भी व्यक्ति को यात्रा मार्ग पर जाने की अनुमति नहीं होगी।
इस बार यात्रा केवल तंगलिंग–मेलिंग खाता–गुफा मार्ग से संचालित होगी। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस, होमगार्ड, स्वास्थ्य, वन, जल शक्ति, राजस्व तथा आपदा प्रबंधन विभाग की टीमें तैनात रहेंगी।
किन्नौर कैलाश यात्रा समिति के अध्यक्ष एवं एसडीएम कल्पा प्रवीण भारद्वाज ने बताया कि श्रद्धालुओं से मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की गई है, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम तरीके से संपन्न हो सके।