
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भरमौर–पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर लाहड़ के समीप सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। परिवार अपनी तीन माह की बच्ची का पीजीआई चंडीगढ़ में उपचार कराने के बाद घर लौट रहा था, तभी उनकी ऑल्टो कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और राहत एवं बचाव दल मौके पर पहुंचे। रात का समय, लगातार बारिश और दुर्गम पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण राहत एवं बचाव अभियान काफी चुनौतीपूर्ण रहा। कई घंटों की मशक्कत के बाद सभी शवों को गहरी खाई से बाहर निकाला गया।
एसडीएम डलहौजी अनिल भारद्वाज ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना में जान गंवाने वाले सभी पांच लोग एक ही परिवार के सदस्य थे। इस हृदयविदारक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसे के समय क्षेत्र में लगातार बारिश हो रही थी और घना कोहरा छाया हुआ था। आशंका जताई जा रही है कि खराब दृश्यता और फिसलन के कारण चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना की जांच शुरू कर दी है। वहीं प्रशासन ने लोगों से मानसून के दौरान पहाड़ी मार्गों पर यात्रा करते समय विशेष सावधानी बरतने और खराब मौसम में अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया है। अपने शोक संदेश में उन्होंने कहा कि यह दुर्घटना अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने दिवंगतों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवार को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने कहा कि दुख की इस घड़ी में प्रदेश सरकार और उनकी संवेदनाएं पूरी तरह पीड़ित परिवार के साथ हैं।