
शिमला/जुब्बल। हिमाचल प्रदेश के जुब्बल उपमंडल में शिक्षा विभाग के एक तबादला आदेश को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झगटान से कार्यरत शारीरिक शिक्षक का शैक्षणिक सत्र के बीच ही स्थानांतरण कर राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कुड्डू भेज दिया गया है। इस निर्णय से झगटान स्कूल में शारीरिक शिक्षा विषय के तीन विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो गई है।
सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस विद्यालय में शिक्षक का तबादला किया गया है, वहां शारीरिक शिक्षा विषय का एक भी विद्यार्थी नहीं है। ऐसे में स्कूल प्रबंधन समिति ने शिक्षा विभाग के इस फैसले पर सवाल उठाते हुए इसे विद्यार्थियों के हितों के खिलाफ बताया है।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय झगटान जुब्बल के दूरदराज क्षेत्र में स्थित है और पहले से ही शिक्षकों की कमी का सामना कर रहा है। विद्यालय में प्रधानाचार्य और टीजीटी मेडिकल के पद दिसंबर 2025 से रिक्त हैं, जबकि टीजीटी आर्ट्स का पद भी लंबे समय से खाली है। स्कूल में करीब 32 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और शारीरिक शिक्षक का स्वीकृत पद पहले से मौजूद था।
शारीरिक शिक्षक के स्थानांतरण के बाद शारीरिक शिक्षा विषय के तीन विद्यार्थियों की पढ़ाई बीच सत्र में ही रुक गई है। स्कूल प्रबंधन समिति का कहना है कि इस निर्णय से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है और विभाग को तुरंत इस पर पुनर्विचार करना चाहिए।
स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष दिनेश कुमार ने बताया कि इस मामले से शिक्षा मंत्री को भी अवगत कराया गया है। उन्होंने मांग की है कि पोस्ट सहित शिक्षक की नियुक्ति दोबारा झगटान विद्यालय में की जाए, ताकि छात्रों की पढ़ाई सुचारू रूप से जारी रह सके।
स्कूल प्रबंधन समिति का कहना है कि शिक्षा विभाग को विद्यार्थियों के हितों को प्राथमिकता देते हुए जल्द उचित निर्णय लेना चाहिए।