
कुल्लू। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की टिकटिंग व्यवस्था को लेकर हैरान करने वाला मामला सामने आया है। चंडीगढ़-कुल्लू-मनाली राष्ट्रीय राजमार्ग-3 पर स्थित टकोली टोल प्लाजा करीब एक वर्ष से बंद है, लेकिन इसके बावजूद एचआरटीसी की बसों में यात्रियों से ₹5 टोल टैक्स वसूला जा रहा है।
मामले का खुलासा तब हुआ जब एक यात्री ने कुल्लू से बंजार के लिए एचआरटीसी बस का टिकट लिया। टिकट में किराए के साथ ₹5 टोल टैक्स भी जोड़ा गया था, जबकि संबंधित टोल प्लाजा पर अगस्त 2025 से टोल वसूली बंद हो चुकी है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या केवल कुल्लू-बंजार, कुल्लू-मंडी या कुल्लू-चंडीगढ़ रूट तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश के कई अन्य रूटों पर भी यात्रियों के टिकट में टोल टैक्स जुड़ रहा है। इससे यात्रियों में भ्रम और नाराजगी है।
लोगों ने इस पूरे मामले की जांच कराने और अब तक यात्रियों से वसूली गई अतिरिक्त राशि का हिसाब सार्वजनिक करने की मांग की है।
मामले पर एचआरटीसी कुल्लू के उपमंडलीय प्रबंधक डी.के. नारंग ने कहा कि यह तकनीकी समस्या है। नई इलेक्ट्रॉनिक टिकटिंग मशीनों (ETM) के सॉफ्टवेयर में टोल शुल्क पहले से दर्ज होने के कारण टिकट में यह राशि स्वतः जुड़ रही है।
उन्होंने बताया कि इस तकनीकी खामी की जानकारी निगम मुख्यालय को दे दी गई है और जल्द ही सॉफ्टवेयर अपडेट कर समस्या का समाधान किया जाएगा।
हालांकि, सवाल यह है कि जब टोल प्लाजा पिछले एक वर्ष से बंद है, तो इस दौरान यात्रियों से वसूली गई राशि का क्या होगा? इस पर अभी तक निगम की ओर से कोई स्पष्ट जवाब सामने नहीं आया है।