
टिहरा (मंडी)। 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर मंडी जिले के टिहरा में राज्य स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री डॉ. (कर्नल) धनीराम शांडिल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने वीर नारियों, पूर्व सैनिकों और विभिन्न युद्धों में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों के परिजनों को सम्मानित कर उनके साहस और त्याग को नमन किया।
समारोह में कारगिल युद्ध के शहीद नायक सरवन कुमार की पत्नी कांता देवी, सूबेदार खेम चंद की पत्नी प्रोमिला देवी, सिपाही टेक सिंह मस्ताना की पत्नी वीना देवी तथा नायक अशोक कुमार की पत्नी सरला देवी को सम्मानित किया गया।
मंत्री ने वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध, 1965 के भारत-पाक युद्ध तथा ऑपरेशन रक्षक के दौरान वीरगति प्राप्त करने वाले सैनिकों के परिजनों को भी सम्मानित किया। इनमें शहीद हरि सिंह, नेक राम, हवलदार भाग सिंह, देश राज, सिपाही प्रदीप कुमार और नायब सूबेदार राजेश कुमार के परिजन शामिल रहे।
समारोह के दौरान कारगिल युद्ध में घायल हुए नायब सूबेदार पुरुषोत्तम शर्मा को भी सम्मानित किया गया। इसके अलावा वीरता पुरस्कार प्राप्त सैनिक हवलदार प्रकाश चंद, लांस नायक प्रवीण कुमार और सीएचएम रहीम सिंह को भी सम्मान देकर उनके योगदान की सराहना की गई।
मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने कहा कि देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों का योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने कहा कि शहीदों का बलिदान देशवासियों के लिए सदैव प्रेरणा का स्रोत रहेगा और आने वाली पीढ़ियां उनके साहस, समर्पण और राष्ट्रभक्ति से प्रेरणा लेती रहेंगी।