
दिल्ली-एनसीआर में पिछले कुछ दिनों से मानसून की रफ्तार धीमी पड़ गई है। तेज बारिश नहीं होने के कारण लोगों को उमस भरी गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि, मंगलवार के लिए मौसम विभाग ने बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है, जिससे लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को सुबह, दोपहर और शाम या रात के समय हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं पूरे सप्ताह रुक-रुककर हल्की बूंदाबांदी की संभावना जताई गई है।
सोमवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 35.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले दो वर्षों में अगस्त महीने की सबसे गर्म सुबहों में से एक रही। इससे पहले 22 अगस्त 2023 को न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।
सोमवार सुबह घने बादल छाए रहे, लेकिन बारिश नहीं हुई। पूरे दिन उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान किया। इस दौरान अधिकतम आर्द्रता 88 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 67 प्रतिशत दर्ज की गई।
मौसम विभाग के मुताबिक, 4 से 9 अगस्त के बीच अधिकतम तापमान 31 से 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। हालांकि, हल्की बारिश के बावजूद उमस से पूरी तरह राहत मिलने के आसार फिलहाल कम हैं।