
कांगड़ा। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के वेद व्यास परिसर बलाहर में अध्ययनरत शास्त्री प्रथम वर्ष के दो नाबालिग छात्र संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए हैं। दोनों छात्र सोमवार सुबह घर से विश्वविद्यालय जाने के लिए निकले थे, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटे। परिजनों की शिकायत पर देहरा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर तलाश अभियान शुरू कर दिया है।
लापता छात्रों की पहचान 17 वर्षीय कृष शर्मा और 17 वर्षीय सक्षिव शर्मा के रूप में हुई है। दोनों हरिपुर तहसील के बगरोट निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस को दी शिकायत में कृष शर्मा के पिता रमन कुमार ने बताया कि दोनों छात्र सोमवार सुबह करीब 8 बजे विश्वविद्यालय जाने के लिए घर से निकले थे। शाम तक जब वे वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन दोनों के फोन स्विच ऑफ मिले।
इसके बाद परिजनों ने देहरा पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए छात्रों की तलाश शुरू कर दी।
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस और परिजनों को लोअर सुनहेत क्षेत्र में ब्यास नदी के किनारे दोनों छात्रों के बैग बरामद हुए हैं। नदी किनारे बैग मिलने के बाद छात्रों के नदी में बह जाने की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है।
मौके पर एसडीआरएफ की टीमें तैनात की गई हैं। इसके अलावा पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरों और डॉग स्क्वायड की मदद से नदी और आसपास के संभावित क्षेत्रों में तलाश की जा रही है।
एसपी देहरा संदीप धवल ने बताया कि दोनों छात्रों की तलाश के लिए सभी उपलब्ध तकनीकी, मानवीय और अन्य संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है। पुलिस टीमें लगातार मौके पर मौजूद हैं और परिजनों, स्थानीय लोगों तथा संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर सर्च ऑपरेशन चला रही हैं।
उन्होंने कहा कि संभावित सभी स्थानों की जांच की जा रही है और मामले के हर पहलू को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।