
पंजाब में मानसून एक बार फिर सक्रिय होने जा रहा है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले दो दिनों के लिए भारी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज पठानकोट, गुरदासपुर, होशियारपुर, नवांशहर, रूपनगर और मोहाली में भारी बारिश होने की संभावना है। वहीं, 4 अगस्त को प्रदेश के नौ जिलों में तेज बारिश का अनुमान जताया गया है।
बारिश के कारण लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग का कहना है कि बारिश के बाद प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है।
इससे पहले रविवार को मौसम शुष्क रहने के कारण राज्य के अधिकतम तापमान में 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई। पंजाब का औसत तापमान सामान्य से 1.6 डिग्री ऊपर पहुंच गया।
प्रदेश में बठिंडा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, न्यूनतम तापमान में भी 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई और यह सामान्य से करीब 2 डिग्री अधिक रहा।
वहीं, रूपनगर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने लोगों को बारिश के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है।