
पंजाब कांग्रेस के प्रभारी भूपेश बघेल के मुक्तसर दौरे से पहले शहर में लगे ‘भूपेश बघेल गो बैक’ के फ्लेक्स ने पार्टी के अंदर चल रही गुटबाजी को लेकर सियासी हलचल बढ़ा दी है।
सोमवार सुबह मुक्तसर शहर की कई सड़कों पर विरोध स्वरूप लगाए गए फ्लेक्स नजर आए। बताया जा रहा है कि भूपेश बघेल जिले के कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के लिए मुक्तसर पहुंचने वाले थे, लेकिन उनके आगमन से पहले ही देर रात और सुबह कई जगहों पर ये फ्लेक्स लगा दिए गए।
सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने अधिकतर फ्लेक्स हटवा दिए। वहीं, कुछ जगहों पर इनके लगे होने की भी चर्चा रही। सूत्रों के अनुसार, फ्लेक्स लगाने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे एक छोटे हाथी वाहन को कुछ कांग्रेस नेताओं ने रोक लिया और इसकी शिकायत थाना सदर पुलिस को दी। वाहन को पुलिस ने कब्जे में लिया है।
वहीं, फ्लेक्स लगाने वाले कुछ लोगों के साथ कथित मारपीट की बात भी सामने आई है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि पुलिस या प्रशासन की ओर से नहीं की गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले मुक्तसर में कांग्रेस के कुछ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और पूर्व विधायक करण कौर बराड़ ने पार्टी नेतृत्व को लेकर नाराजगी जाहिर की थी। इसी बीच भूपेश बघेल का प्रस्तावित मुक्तसर दौरा भी फिलहाल रद्द हो गया है, जिसके बाद पंजाब कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।