केरल के वायनाड जिले में हुए भीषण भूस्खलन ने हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के एक परिवार की खुशियां छीन लीं
केरल के वायनाड जिले में हुए भीषण भूस्खलन ने हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। निर्माणाधीन टनल परियोजना में लापता रिवालसर निवासी युवा इंजीनियर राहुल शर्मा का शव तीसरे दिन मलबे से बरामद हुआ। कुछ महीने पहले ही शादी के बंधन में बंधे राहुल की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।
राहुल शर्मा वायनाड में एक निजी कंपनी में साइट इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार को लगातार बारिश के बीच पहाड़ी का बड़ा हिस्सा कार्यस्थल पर गिर गया, जिससे राहुल शर्मा सहित कई कर्मचारी मलबे में दब गए। एनडीआरएफ ने तीन दिन बाद गुरुवार को उनका शव बरामद किया। हादसे की सूचना मिलते ही राहुल के पिता और मामा वायनाड पहुंच गए थे, जबकि उनकी पत्नी भी वहीं मौजूद थीं। शव मिलने के बाद परिवार गहरे सदमे में है।
केरल के वायनाड जिले में हुए भीषण भूस्खलन ने हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के एक परिवार की खुशियां छीन लीं। तीन दिन तक बेटे के सकुशल लौटने की आस लगाए बैठे परिजनों की उम्मीद उस समय टूट गई, जब निर्माणाधीन टनल परियोजना के मलबे से रिवालसर निवासी युवा इंजीनियर राहुल शर्मा का शव बरामद हुआ। कुछ महीने पहले ही शादी के बंधन में बंधे राहुल की मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
राहुल शर्मा वायनाड के निथर क्षेत्र में निर्माणाधीन टनल परियोजना में एक निजी कंपनी के साइट इंजीनियर के रूप में कार्यरत थे। मंगलवार को लगातार बारिश के बीच पहाड़ी का बड़ा हिस्सा अचानक कार्यस्थल पर आ गिरा, जिससे कई कर्मचारी मलबे में दब गए। एनडीआरएफ, फायर फोर्स, पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने लगातार तीन दिनों तक राहत एवं बचाव अभियान चलाया, जिसके बाद गुरुवार को राहुल का शव मलबे से बरामद किया गया।
हादसे की सूचना मिलते ही राहुल के पिता और मामा वायनाड पहुंच गए थे, जबकि उनकी पत्नी पहले से ही केरल में मौजूद थीं। परिवार को अंतिम समय तक उनके सुरक्षित मिलने की उम्मीद थी, लेकिन शव मिलने की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। घर पर उनकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पिता, बहन और अन्य परिजन भी गम में डूबे हुए हैं।
राहुल शर्मा का विवाह इसी वर्ष मार्च में हुआ था। शादी के कुछ ही महीने बाद यह दर्दनाक हादसा पूरे परिवार की खुशियां छीन ले गया। केरल सरकार के मंत्री टी. सिद्दीक ने राहुल शर्मा के शव की पहचान की पुष्टि की है। वहीं, वायनाड में राहत एवं बचाव अभियान अभी भी जारी है। इस हादसे में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य के मलबे में दबे होने की आशंका बनी हुई है।
कांगड़ा का विक्रम अब भी लापता
वहीं, इसी हादसे में लापता जिला कांगड़ा के फतेहपुर उपमंडल की टकोली घिरथा पंचायत निवासी विक्रम का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है। वायनाड में एनडीआरएफ, फायर फोर्स और स्थानीय प्रशासन का सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। इस भीषण हादसे में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य लापता लोगों की तलाश जारी है।