
सुंदरनगर (मंडी)। चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर सुंदरनगर के पुंघ क्षेत्र में रविवार दोपहर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। मंडी की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार ट्राला अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े तीन वाहनों से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों वाहनों के परखच्चे उड़ गए। इसके बाद ट्राला डिवाइडर पर चढ़कर रुक गया। राहत की बात यह रही कि हादसे के समय कोई व्यक्ति वाहनों के पास मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा जानी नुकसान टल गया।
पुलिस के अनुसार, ट्राला मंडी की ओर जा रहा था। पुंघ के पास चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा और ट्राला एक के बाद एक तीन खड़े वाहनों से जा टकराया। चालक ने प्रारंभिक पूछताछ में बताया कि ट्राले के ब्रेक फेल हो गए थे, जिसके कारण वह वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका। हालांकि पुलिस का कहना है कि हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि तकनीकी जांच के बाद ही हो सकेगी।
हादसे की तेज आवाज सुनकर स्थानीय लोग और अन्य वाहन चालक मौके पर पहुंचे तथा राहत कार्य में जुट गए। दुर्घटना के कारण चंडीगढ़-मनाली फोरलेन पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बाद में पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर सड़क पर यातायात सुचारू कराया।
डीएसपी भारत भूषण ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। ट्राले को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। चालक से पूछताछ की जा रही है और तकनीकी विशेषज्ञों की मदद से ट्राले के ब्रेक सहित अन्य यांत्रिक हिस्सों की जांच करवाई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।