
शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार मंगलवार को राज्य के 4,900 मेधावी विद्यार्थियों के बैंक खातों में 16-16 हजार रुपये की राशि सीधे हस्तांतरित करेगी। सरकार ने पूर्व में लागू डिजिटल डिवाइस वितरण व्यवस्था में बदलाव करते हुए अब प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (DBT) के माध्यम से विद्यार्थियों को राशि देने का निर्णय लिया है। इससे छात्र अपनी आवश्यकता और पसंद के अनुसार लैपटॉप, टैबलेट या अन्य डिजिटल उपकरण खरीद सकेंगे।
शिक्षा विभाग ने पहले चरण के लिए 4,900 पात्र विद्यार्थियों की सूची तैयार कर हिमाचल प्रदेश इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्पोरेशन को भेज दी है। विभाग के अनुसार मंगलवार को सभी चयनित विद्यार्थियों के खातों में राशि जमा कर दी जाएगी। शेष पात्र विद्यार्थियों को भी आगामी चरणों में इस योजना का लाभ मिलेगा।
प्रदेश में इस योजना के तहत करीब 10 हजार मेधावी विद्यार्थियों का चयन किया गया था। पहले सरकार ने डिजिटल डिवाइस उपलब्ध कराने के लिए कूपन प्रणाली लागू की थी, लेकिन इसे अपेक्षित सफलता नहीं मिली।
शिक्षा विभाग के अनुसार अब तक केवल 222 विद्यार्थियों ने कूपन का उपयोग कर डिजिटल उपकरण खरीदे हैं। इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की बढ़ती कीमतों और कंपनियों की सीमित भागीदारी के कारण योजना प्रभावित हुई। इसी को देखते हुए सरकार ने व्यवस्था में बदलाव करते हुए राशि सीधे विद्यार्थियों के बैंक खातों में भेजने का फैसला लिया।
सरकार का मानना है कि नई व्यवस्था से विद्यार्थियों को अपनी जरूरत और पसंद के अनुसार डिजिटल उपकरण खरीदने की स्वतंत्रता मिलेगी। साथ ही पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी, सरल और प्रभावी बनेगी।
स्कूल शिक्षा निदेशक आशीष कोहली ने बताया कि बैंक खातों और अन्य औपचारिकताओं का सत्यापन पूरा होने के बाद सभी पात्र विद्यार्थियों को चरणबद्ध तरीके से राशि जारी की जाएगी।