
शिमला। एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) द्वारा देश के 28 राज्यों और तीन केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्यमंत्रियों की आय, संपत्ति और देनदारियों का विश्लेषण जारी किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार उत्तर भारत के मुख्यमंत्रियों में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सबसे अधिक संपत्ति वाले मुख्यमंत्री हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की कुल घोषित संपत्ति 7 करोड़ 81 लाख रुपये है, जबकि उन पर करीब 22 लाख रुपये की देनदारी है। वे पोस्ट ग्रेजुएट हैं और उनकी वार्षिक आय लगभग 17 लाख रुपये बताई गई है। रिपोर्ट में उन्हें कॉन्ट्रैक्टर पेंशनर के रूप में भी दर्शाया गया है।
सूची में दूसरे स्थान पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हैं, जिनकी कुल संपत्ति 5 करोड़ 80 लाख रुपये है। उन पर करीब 74 लाख रुपये की देनदारी है। सैनी ग्रेजुएट हैं और उनकी वार्षिक आय लगभग 13 लाख रुपये है। रिपोर्ट के अनुसार वे स्टोन क्रशर व्यवसाय से भी जुड़े हैं।
तीसरे स्थान पर दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता हैं, जिनकी कुल संपत्ति 5 करोड़ 31 लाख रुपये और देनदारी 1 करोड़ 20 लाख रुपये है। वे ग्रेजुएट प्रोफेशनल हैं और पेशे से अधिवक्ता हैं।
वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की कुल संपत्ति 4 करोड़ 64 लाख रुपये दर्ज की गई है, जबकि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की संपत्ति 1 करोड़ 54 लाख रुपये और राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा की संपत्ति 1 करोड़ 46 लाख रुपये बताई गई है।
ADR रिपोर्ट के अनुसार उत्तर भारत के मुख्यमंत्रियों में सबसे अधिक आपराधिक मामले मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के खिलाफ दर्ज हैं। उनके खिलाफ चार मामले लंबित बताए गए हैं। वहीं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के खिलाफ एक आपराधिक मामला दर्ज है, जबकि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है।
ADR की इस रिपोर्ट ने उत्तर भारत के मुख्यमंत्रियों की घोषित संपत्ति, आय, देनदारियों और आपराधिक मामलों को लेकर नई चर्चा छेड़ दी है।