
धर्मपुर (मंडी): जालंधर-मनाली (धर्मपुर-सरकाघाट) राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण परियोजना में कार्यरत बीआरएन कंपनी के करीब 90 मजदूरों ने शनिवार को वेतन न मिलने के विरोध में लौंगणी स्थित कंपनी मुख्यालय जाने वाली सड़क पर चक्का जाम कर दिया। प्रदर्शन के दौरान सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही।
मजदूरों का आरोप है कि उन्हें पिछले तीन से चार महीनों से वेतन नहीं मिला है। कई बार कंपनी प्रबंधन से भुगतान की मांग करने के बावजूद केवल आश्वासन ही मिला। उनका कहना है कि वेतन न मिलने से परिवार का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है और उन्हें उधार लेकर घर चलाना पड़ रहा है।
प्रदर्शन में शामिल मजदूरों ने चेतावनी दी कि जब तक उनका बकाया वेतन नहीं दिया जाता, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
उधर, एसडीएम धर्मपुर जोगिंदर पटियाल ने कहा कि यदि मजदूरों को वेतन संबंधी समस्या है तो वे सोमवार को लिखित शिकायत दें। शिकायत मिलने के बाद नियमानुसार तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, बीआरएन कंपनी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर से संपर्क नहीं हो सका। कंपनी के अकाउंट ऑफिसर प्रकाश चंद ने बताया कि तकनीकी कारणों से वेतन भुगतान में देरी हुई है। उन्होंने आश्वासन दिया कि बुधवार तक सभी मजदूरों के खातों में बकाया वेतन जमा कर दिया जाएगा।