
देहरा के पूर्व विधायक से जुड़े सरकारी धन के दुरुपयोग और धोखाधड़ी के मामले के बाद अब कांगड़ा जिले के एक वरिष्ठ भाजपा विधायक भी विजिलेंस के रडार पर आ गए हैं। आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोप में धर्मशाला थाना में एफआईआर संख्या 6/26 दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
जानकारी के अनुसार, विधायक पर करोड़ों रुपये की संपत्ति जुटाने का आरोप है। जांच एजेंसियां उनके आय के स्रोत, बैंक खातों, निवेश, चल-अचल संपत्तियों और अन्य वित्तीय लेन-देन की पड़ताल कर रही हैं।
सूत्रों के मुताबिक, विभिन्न एजेंसियों से विधायक के आलीशान मकान और अन्य परिसंपत्तियों का मूल्यांकन कराया गया है। लोक निर्माण विभाग ने भी संपत्तियों के मूल्यांकन की रिपोर्ट तैयार की है, जिसके आधार पर विजिलेंस ने प्राथमिकी दर्ज की है।
उच्च पदस्थ सूत्रों का कहना है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद अब विजिलेंस संबंधित दस्तावेज और अन्य साक्ष्य जुटाने की प्रक्रिया में है। हालांकि, इस मामले में विजिलेंस ब्यूरो की ओर से आधिकारिक रूप से कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
यह भी चर्चा का विषय बना हुआ है कि संबंधित भाजपा विधायक और प्रदेश की सुक्खू सरकार के बीच विभिन्न मुद्दों पर पहले से राजनीतिक टकराव रहा है। ऐसे में इस कार्रवाई के राजनीतिक मायने भी निकाले जा रहे हैं। हालांकि, जांच एजेंसियों का कहना है कि कार्रवाई उपलब्ध दस्तावेजों और तथ्यों के आधार पर की जा रही है।