
चंडीगढ़ प्रशासन ने शनिवार को सेक्टर-19 स्थित सरकारी कोठी नंबर-3020 को खाली कराकर अपने कब्जे में ले लिया। यह सरकारी आवास पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) एसके अस्थाना के कब्जे में था।
प्रशासन के अनुसार, पूर्व डीजीपी को सरकारी आवास खाली करने के लिए कई बार नोटिस जारी किए गए थे। हाउस अलॉटमेंट कमेटी के निर्देशों और पर्याप्त समय दिए जाने के बावजूद आवास खाली नहीं किया गया, जिसके बाद एस्टेट ऑफिस ने नियमानुसार बेदखली की कार्रवाई की।
शनिवार को एस्टेट ऑफिस की टीम पुलिस बल और अन्य अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंची। सभी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद प्रशासन ने कोठी का कब्जा अपने हाथ में ले लिया। अधिकारियों के अनुसार पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
प्रशासन का कहना है कि सरकारी आवासों का आवंटन निर्धारित नियमों और पात्रता के आधार पर किया जाता है। पात्रता समाप्त होने या कार्यकाल पूरा होने के बाद तय समय सीमा के भीतर आवास खाली करना अनिवार्य होता है। निर्धारित अवधि के बाद भी कब्जा बनाए रखने पर नियमानुसार बेदखली की कार्रवाई की जाती है।